उदयपुर के बहुचर्चित कन्हैयालाल हत्याकांड जाँच से जुड़े तत्कालीन सीआई को पदोन्नति को लेकर विवाद

 | 
Kanhaiyalal murder case

Udaipur TImes: Crime Update: 10 जून 2026। उदयपुर के बहुचर्चित कन्हैयालाल हत्याकांड को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। एक प्रशासनिक आदेश ने पीड़ित परिवार की नाराजगी को फिर से सामने ला दिया है। कन्हैयालाल हत्याकांड की शुरुआती जांच से जुड़े तत्कालीन सीआई गोविन्द सिँह राजपुरोहित को पदोन्नति देकर डिप्टी एसपी के रूप में उदयपुर भेजा गया है, लेकिन इस फैसले का कन्हैयालाल के बेटे यश साहू ने खुलकर विरोध किया है।

यश साहू का आरोप है कि जिस अधिकारी की कार्यशैली और भूमिका को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे, उसे दोबारा उदयपुर में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देना समझ से परे है। उनका कहना है कि यह फैसला न केवल पीड़ित परिवार की भावनाओं को आहत करता है, बल्कि न्याय की उम्मीद लगाए बैठे लोगों के मन में भी कई सवाल खड़े करता है।

यश साहू ने आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि उनके पिता की हत्या देश को झकझोर देने वाली घटना थी और इस मामले में जुड़े हर फैसले को बेहद संवेदनशीलता के साथ लिया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से इस नियुक्ति पर पुनर्विचार करने की मांग भी उठाई है।

अब सवाल यह है कि आखिर जिस अधिकारी को लेकर पीड़ित परिवार पहले से असंतोष जाहिर करता रहा है, उसकी उदयपुर में वापसी क्यों हुई? क्या यह महज एक प्रशासनिक फैसला है या फिर इसके पीछे कोई और वजह है? और सबसे बड़ा सवाल, क्या पीड़ित परिवार की भावनाओं को पर्याप्त महत्व दिया गया?
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News