ग्राहक बनकर आए दंपति ने सोने के टॉप्स चोरी किये

CCTV में कैद हुई घटना 

 | 

उदयपुर 14 अगस्त 2025 ज़िले के ऋषभदेव थाना क्षेत्र में एक ज्वेलरी की दुकान पर ग्राहक बनकर आए पति-पत्नी, सोने के टॉप्स चोरी कर ले गए। दोनों करीब आधे घंटे तक दुकान में टॉप्स देखते रहे। इस दौरान दुकानदार का ध्यान भटकाकर दो जोड़ी सोने के टॉप्स चोरी कर लिए। यह घटना मंगलवार को बॉम्बे मार्केट स्थित केसरी ज्वेलर्स में हुई। चोरी हुए टॉप्स का वजन 6 ग्राम और कीमत करीब 65 हजार रुपए बताई जा रही है।

दंपती ने दुकान से कुछ भी नहीं खरीदा और बाद में वापस आने की बात कहकर चले गए। कुछ देर बाद जब दुकानदार ने टॉप्स की गिनती की तो दो जोड़ी गायब मिले। शक होने पर सीसीटीवी फुटेज चेक की गई, जिसमें महिला को चालाकी से टॉप्स अपने बैग में रखते हुए देखा गया।

दुकान मालिक मानव पंचाल ने बताया कि मंगलवार को एक महिला-पुरुष गहने देखने आए थे। जब वह गहने दिखा रहा था, तभी महिला ने मौका पाकर दो जोड़ी टॉप्स अपने बैग में रख लिए। बाद में गहनों का मिलान करने पर चोरी का पता चला। दुकानदार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और फुटेज सौंप दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।

 

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal