सुंदरवास में गोवंश अवशेष मिलने से हड़कंप

आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम किया; फोरेंसिक सैंपल लेकर FIR दर्ज

 | 
“Police investigation after cow remains found in Udaipur’s Sunderwas causing public protest and roadblock”

उदयपुर 15 नवंबर 2025- शहर के सुंदरवास इलाके में देर रात कटे हुए गोवंश के अवशेष मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के आधे घंटे बाद भी प्रतापनगर पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने से आक्रोशित लोगों ने प्रतापनगर–सुंदरवास रोड पर जाम लगा दिया। 

इसके बाद प्रतापनगर, हिरणमगरी और घंटाघर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

फोरेंसिक सैंपल लेने के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। घटना सुंदरवास के मांडल क्षेत्र में रात करीब 12 बजे हुई। 

इससे पहले रात 11 बजे मांडल क्षेत्र में सड़क किनारे एक बछड़े का कटा सिर और खुर मिले, जबकि धड़ गायब था। इससे गुस्साए लोग कॉलोनी से बाहर आकर मुख्य सड़क पर वाहन खड़े कर जाम लगाने लगे।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि सुंदरवास में न तो कचरा संग्रह केंद्र है और न ही कोई बूचड़खाना, ऐसे में गोवंश के कटे अवशेष यहां कैसे पहुंचे, यह गंभीर सवाल है। उन्होंने बताया कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी दो बार इसी तरह की वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन जांच ठोस स्तर पर कभी आगे नहीं बढ़ी।

बीजेपी युवा मोर्चा के पूर्व शहर जिलाध्यक्ष सन्नी पोखरना ने कहा कि यह किसी श्वान या जंगली जानवर का शिकार नहीं लगता। मौके पर सुरेंद्र सिंह पंवार, सुनील वसीटा, चेतन वैष्णव समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं, थानाधिकारी राजेंद्र सिंह का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई थी, सैंपल ले लिए गए हैं और जांच जारी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News