हत्या की साजिश रचने वाला कुख्यात बदमाश हसन खान उर्फ हसु गिरफ्तार
उदयपुर 2 अक्टूबर 2025। शहर की सविना थाना पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए हत्या की साजिश रचने वाले वांछित बदमाश हसन खान उर्फ हसु को गिरफ्तार कर लिया है। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
थानाधिकारी अजय सिंह राव के नेतृत्व में बनी टीम को सूचना मिली थी कि ताहिर अहमद निवासी दिवानशाह कॉलोनी अपने साथी से पिस्टल और कारतूस लेकर विरोधी की हत्या की योजना बना रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की और आरोपी ताहिर अहमद को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बिना लाइसेंस की देशी पिस्टल, मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए।
तफतीश में सामने आया कि यह पिस्टल और कारतूस ताहिर ने अपने साथी हसन खान उर्फ हसु के माध्यम से खरीदे थे और दोनों एक गिरोह बनाकर हत्या की साजिश रच रहे थे। ताहिर को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका था, जबकि हसन खान उर्फ हसु फरार चल रहा था।
पुलिस की लगातार कोशिशों के बाद आखिरकार हसन खान को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर पूर्व में हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से वांटेड चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी को तफ्तीश के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार हसन और ताहिर ने मिलकर अवैध हथियारों के जरिए अपने विरोधी की हत्या करने का षड्यंत्र रचा था, जो गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
