शातिर चैन स्नैचर गिरफ्तार

शहर में 21 चैन स्नैचिंग वारदातों का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

 | 

उदयपुर 21 अप्रैल 2026 - सविना थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चैन स्नैचिंग की वारदातों में शामिल दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों ने पूछताछ में शहर में करीब 21 चैन स्नैचिंग की वारदातें करना स्वीकार किया है। थाना सविना में 10 अप्रैल 2026 को एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सुबह नेला तालाब की ओर वॉक के लिए जा रही थी। इस दौरान सेजल वाटिका के पास पीछे से आए एक युवक ने उसे झपट्टा मारकर नीचे गिरा दिया और उसके गले से करीब 2 तोला वजनी सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। इस पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर थानाधिकारी गजवीर सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें दो आरोपी बिना नंबर की मोटरसाइकिल से वारदात को अंजाम देते नजर आए। पुलिस ने जांच के आधार पर मुकेश खटीक (21) निवासी खटीकवाड़ा और नरेन्द्र चौधरी उर्फ खुबी (20) निवासी विजयनगर हाल गोवर्धन विलास को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार किया। साथ ही उन्होंने अपने अन्य साथियों आकाश, उमेश उर्फ गुड्डू, मयंक राज भोई उर्फ गोलू, सन्नी और दादू के साथ मिलकर उदयपुर शहर के सूरजपोल, हिरणमगरी, प्रतापनगर, धानमंडी, गोवर्धन विलास, सुखेर और भूपालपुरा क्षेत्रों में करीब 21 चैन स्नैचिंग की वारदातें करना कबूल किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से आगे की पूछताछ और अनुसंधान जारी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News