उदयपुर में साइबर ठगी गैंग का भंडाफोड़

बड़गांव पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग धोखाधड़ी में लिप्त सात आरोपियों को पकड़ा

 | 
Alt Text: Police bust cyber fraud and online gaming scam gang in Udaipur; seven accused arrested in a villa raid.

उदयपुर 14 नवंबर 2025 - जिले की बडगांव थाना पुलिस ने साईबर ठगी और ऑनलाइन गेमिंग धोखाधड़ी में लिप्त एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशन और साइबर अपराधों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

सूचना मिलने पर एएसपी शहर उमेश ओझा, डीएसपी नगर पश्चिम राजेश यादव के सुपरविजन में थानाधिकारी पूरणसिंह राजपुरोहित, बडगांव थाना टीम और जिला स्पेशल टीम ने 13 नवंबर को बड़ी मौया चौराहा स्थित EDEN ARCADIA विला में दबिश दी। यहां सात युवकों को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी और गेमिंग फ्रॉड में सक्रिय पाया गया।

भारत सरकार के एनसीआरबी पोर्टल पर इनके खिलाफ विभिन्न राज्यों से शिकायतें दर्ज थीं।

जांच में सामने आया कि आरोपी कमीशन पर बैंक खाते खरीदकर उन्हें आगे बेचते थे तथा उनके माध्यम से ऑनलाइन ठगी और गेमिंग राशि ट्रांसफर करवाते थे। यह सभी मिलकर आपराधिक षड्यंत्र के तहत साईबर ठगी का संगठित नेटवर्क चलाते थे।

पुलिस ने पूछताछ के बाद सभी को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया और बुधवार को न्यायालय में पेश किया।

गिरफ्तार आरोपियों में उदयपुर, भीलवाड़ा, गुजरात और चित्तौड़गढ़ के निवासी शामिल हैं।

पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य संभावित नेटवर्क और बैंक खातों की गतिविधियों की जांच कर रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News