डबोक एटीएम लूट मामला: पुलिस ने छठे आरोपी को किया गिरफ्तार
एसबीआई बैंक डबोक में 2022 की एटीएम लूट का खुलासा जारी, सीकर निवासी गणेश गिरफ्तार, पाँच आरोपी पहले ही जेल में
उदयपुर, 3 अक्टूबर 2025 - डबोक थाना पुलिस ने एटीएम लूट के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस प्रकरण में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल और सहायक पुलिस अधीक्षक मावली आशिमा वासवानी के सुपरविजन में थानाधिकारी डबोक हुकम सिंह और उनकी टीम ने कार्रवाई की।
प्रकरण संख्या 323/2022 धारा 392, 427 भादस में दर्ज है। यह मामला 12 नवंबर 2022 को एसबीआई बैंक डबोक के एटीएम लूट से जुड़ा है, जिसमें आरोपियों ने एटीएम सुरक्षा गार्ड के हाथ-पैर बांधकर और डराकर मशीन को लूट लिया था।
नवीनतम कार्रवाई में पुलिस ने गणेश पुत्र हमीराराम निवासी खेतड़ी मोड थाना कोतवाली, नीमकाथाना जिला सीकर को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।