DST के अलावा सभी स्पेशल टीमों को तुरंत प्रभाव से भंग करने के निर्देश
ACB के हत्थे चढ़े एक कॉन्स्टेबल के मामले के बाद उदयपुर पुलिस महकमे में सख्ती
उदयपुर 14 मार्च 2026। दो दिन पहले रिश्वत लेते हुए ACB के हत्थे चढ़े एक कॉन्स्टेबल के मामले के बाद उदयपुर पुलिस महकमे में सख्ती देखने को मिली है। उदयपुर ज़िला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बड़ा फैसला लेते हुए ज़िला विशेष टीम (DST) के अलावा ज़िले में गठित सभी प्रकार की स्पेशल टीमों को तुरंत प्रभाव से भंग करने के निर्देश जारी किए हैं।
SP योगेश गोयल ने जारी आदेश में कहा है कि ज़िले में आपराधिक व अन्य सूचनाएं एकत्रित करने के लिए ज़िला विशेष टीम (DST) का गठन पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के तहत किया जाता है। लेकिन यह देखने में आया है कि कुछ वृत्त और अन्य स्तरों पर अपने स्तर पर स्पेशल टीमों का गठन कर दिया गया है, जो जारी निर्देशों और आदेशों की अवहेलना है।
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ वृत्त स्तर पर स्पेशल टीमों के गठन के लिए अपने-अपने क्षेत्र के थानों से बिना कार्यालय की अनुमति के जाब्ता अटैच किया जा रहा है, जो नियमों के विरुद्ध है। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ज़िला विशेष टीम (DST) के अलावा किसी भी प्रकार की अन्य स्पेशल टीम जिले में मान्य नहीं होगी। यदि किसी स्तर पर ऐसी टीमों का गठन किया गया है तो उन्हें तत्काल प्रभाव से भंग किया जाए और जिन थानों से जाब्ता बुलाया गया है, उन्हें तुरंत वापस भेजा जाए।
दरअसल, दो दिन पहले भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की उदयपुर स्पेशल यूनिट ने वृत्त नगर पूर्व की स्पेशल टीम में तैनात कांस्टेबल नागेंद्र सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। आरोपी ने एक गैराज को सीज करने की धमकी देकर रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया था कि नागेंद्र सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए डिटेन किया गया है। मामले में टीम के अन्य सदस्य ASI शक्ति सिंह, हेड कॉन्स्टेबल अर्जुन सिंह और कॉन्स्टेबल अनिल मीणा की भूमिका भी संदिग्ध बताई गई है और उनकी जांच की जा रही है।
एसीबी की इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग की साख पर सवाल उठने लगे थे। इसी के बाद उदयपुर एसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए जिला विशेष टीम (DST) के अलावा अन्य सभी स्पेशल टीमों को भंग करने के आदेश जारी किए हैं।
#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #UdaipurPolice #ACB #AntiCorruptionBureau #RajasthanPolice #PoliceAction #CorruptionCase #DSTTeam #UdaipurUpdates #LocalNewsRajasthan
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
