Udaipur Times, Crime News: गुजरात के दाहोद जिले से चोरी हुए करीब 55 लाख रुपए कीमत के डम्पर को चित्तौड़गढ़ जिले की भादसोड़ा थाना पुलिस और डीएसटी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बरामद किया है।
चोरी का डम्पर सोहनखेड़ा-मण्डफिया रोड पर बिना नंबर प्लेट के लावारिस हालत में खड़ा मिला। पुलिस ने डम्पर को जब्त कर मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार ने भादसोड़ा थानाधिकारी अक्षय कुमार को सूचना दी कि गुजरात के दाहोद जिले के लिमड़ी थाना क्षेत्र से चोरी हुआ करीब 55 लाख रुपए कीमत का डम्पर भादसोड़ा थाना क्षेत्र में होने की संभावना है। सूचना मिलते ही थानाधिकारी अक्षय कुमार ने पुलिस टीम गठित कर स्वयं के नेतृत्व में तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने भादसोड़ा चौराहा, बागुंड और सोहनखेड़ा सहित विभिन्न संभावित मार्गों पर तलाश की। इसी दौरान सोहनखेड़ा-मण्डफिया रोड पर बिना नंबर का डम्पर लावारिस हालत में खड़ा मिला। मौके पर चालक और वाहन मालिक नहीं मिले। पुलिस ने नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई करते हुए डम्पर को जब्त कर लिया।
प्रारंभिक जानकारी में डम्पर गुजरात के दाहोद जिले से चोरी होना सामने आया है। कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार की सूचना संकलन में अहम भूमिका रही। वहीं, थानाधिकारी अक्षय कुमार के नेतृत्व में भादसोड़ा पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर चोरी का डम्पर बरामद किया।
मामले में अग्रिम अनुसंधान और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।