डूंगरपुर: पुलिस कॉन्स्टेबल और हेड कॉन्स्टेबल 1.50 लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
ACB डूंगरपुर इकाई की बड़ी कार्रवाई
डूंगरपुर 29 जनवरी 2026। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो मुख्यालय के निर्देश पर ACB डूंगरपुर इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना दोवड़ा के कॉन्स्टेबल प्रकाश चंद्र पटेल और हेड कॉन्स्टेबल अशोक कुमार पाटीदार को 1.50 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि ACB को एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें परिवादी ने आरोप लगाया कि उससे झूठे प्रकरण में फंसाने और मोबाइल फोन वापस देने के बदले दो लाख रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत के सत्यापन के बाद ACB द्वारा जाल बिछाया गया।
शिकायत के अनुसार 18 जनवरी 2026 को परिवादी नयागांव स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पास खड़ा था, तभी पुलिस वाहन वहां आकर रुका। पुलिसकर्मियों ने उससे पूछताछ की, मोबाइल फोन छीन लिया और ऑनलाइन गेमिंग के जरिए ठगी करने का आरोप लगाते हुए उसे पुलिस वाहन में बैठाकर दोवड़ा थाना ले जाने लगे। रास्ते में आरोपी कॉन्स्टेबल ने मुकदमा दर्ज नहीं करने और मोबाइल लौटाने के बदले दो लाख रुपये की मांग की।
इसके बाद परिवादी के भाई ने आरोपी कॉन्स्टेबल से मोबाइल पर संपर्क किया, लेकिन आरोपी ने थाने आकर मिलने की बात कही। लगातार रिश्वत की मांग से परेशान होकर परिवादी ने ACB में शिकायत दर्ज कराई।
28 जनवरी 2026 को रिश्वत मांग का सत्यापन किया गया, जिसमें दोनों आरोपियों ने 1.50 लाख रुपये लेने पर सहमति जताई। एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में तथा पुलिस उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई, जिसमें दोनों आरोपियों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
ACB के महानिरीक्षक पुलिस राजेश सिंह के निर्देशन में आरोपियों से पूछताछ जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
#DungarpurNews #RajasthanNews #ACBAction #PoliceBribery #CorruptionNews #AntiCorruptionBureau #PoliceArrest #BriberyCase #RajasthanUpdates
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
