71 करोड़ की ई-कॉमर्स ठगी का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार
वेयरहाउस और वर्चुअल दुकानें शुरू कराने का झांसा देकर देशभर के लोगों से करोड़ों रुपये वसूलने के आरोप में पुलिस की बड़ी कार्रवाई।
Udaipur Times News, Crime News, उदयपुर 15 जून 2026 - ई-कॉमर्स व्यवसाय के नाम पर देशभर के लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर ई-कॉमर्स नेटवर्क स्थापित करने का झांसा देकर 71 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वसूलने का आरोप है। पुलिस के अनुसार जयपुर निवासी मिलक्रून लॉजिस्टिक के प्रोपराइटर देवेंद्र सिंह ने मामला दर्ज कराया था।
उन्होंने बताया कि वह ई-कॉमर्स कंपनियों के साथ लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउस संचालन का कार्य करते हैं। इसी दौरान एयर पिनकोड एडेक लॉजिस्टिक नामक कंपनी ने उनसे व्यवसायिक साझेदारी के लिए संपर्क किया। शिकायत के अनुसार कंपनी के स्वयं को सीईओ और फाउंडर बताने वाले नरेश कुमार सैनी और सुशील सोनी ने बड़े स्तर पर ई-कॉमर्स नेटवर्क स्थापित करने का भरोसा दिलाया। Udaipur News
आरोपियों ने उदयपुर के सेक्टर-4 में कंपनी का कार्यालय संचालित होना बताया। कंपनी का रजिस्ट्रेशन हरियाणा निवासी योगेश कुमार और उसके भाई मनोज कुमार के नाम पर बताया गया। आरोपियों ने देशभर में स्टेट वेयरहाउस, सिटी हब और वर्चुअल दुकानों की योजना बताकर लोगों से सिक्योरिटी डिपॉजिट और रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर करोड़ों रुपये वसूले।
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब 23 स्टेट वेयरहाउस से तीन-तीन लाख रुपये, 650 से अधिक सिटी हब से एक-एक लाख रुपये तथा लगभग पांच लाख वर्चुअल दुकानदारों से 1,288 रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से राशि ली गई। Fraud News
इस तरह आरोपियों ने करीब 71 करोड़ 59 लाख रुपये जुटाए। प्रार्थी ने बताया कि आरोपियों के निर्देश पर उसने मार्च 2026 में एक वेयरहाउस किराये पर लिया और उसके लिए 2.10 लाख रुपये खर्च किए। कंपनी की ओर से जल्द काम शुरू होने और प्रतिमाह 40 हजार रुपये भुगतान का आश्वासन दिया गया, लेकिन कोई कार्य शुरू नहीं हुआ। जब बार-बार जानकारी मांगी गई तो तकनीकी समस्याओं और अन्य बहानों से टालमटोल किया जाता रहा। Udaipur Crime News
बाद में आरोपियों ने उदयपुर स्थित अपना मुख्य कार्यालय भी खाली कर दिया और सिक्योरिटी राशि वापस नहीं की।
इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने हरियाणा निवासी मनोज कुमार सैनी, उसके भाई योगेश सैनी और कोटपूतली निवासी नरेश कुमार सैनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
#UdaipurNews #RajasthanNews #JaipurNews #KotputliNews #RajasthanPolice #CrimeNewsRajasthan #UdaipurCrimeNews #BreakingNewsIndia #FinancialFraud #EcommerceScam #IndiaNews #LatestNews #BusinessFraud #WarehouseScam#OnlineFraud
