भीलवाड़ा मे सट्टे के कर्ज ने बनाया हत्यारा, 1 लाख नहीं देने पर बुजुर्ग कमला देवी की हत्या
शव जलाकर अवशेष नाले में बहाए: नया खुलासा
Udaipur Times, Crime News: 72 वर्षीय बुजुर्ग कमला देवी की हत्या कर छत पर शव जलाने के मामले में पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपियों ने सट्टे की लत के चलते हुए कर्ज को चुकाने के लिए हत्या की साजिश रची थी। महिला से एक लाख रुपये मांगे गए थे। इनकार करने पर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को छत पर जलाकर अवशेष नाले में बहा दिए गए। हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद आरोपियों ने उसी छत पर दोस्तों के साथ नॉनवेज और शराब की पार्टी भी की।
भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया कि कमला देवी की हत्या 12 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे की गई थी। मामले में मुख्य आरोपी रवि तापड़िया और उसके सहयोगी हीरा सिंधी व आर्यन उर्फ चूचा को जेल भेजा जा चुका है। वहीं, चौथे फरार आरोपी कालू तापड़िया को पुलिस ने कोटा से गिरफ्तार कर भीलवाड़ा लाया है।
सट्टे के कर्ज ने रची हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी रवि तापड़िया और उसका दोस्त हीरा सिंधी सट्टे तथा नशे के आदी थे। हीरा पर करीब 5 से 6 लाख रुपये का सट्टे का कर्ज था। इसे चुकाने के लिए उसे तत्काल 2 लाख रुपये की जरूरत थी। हीरा ने रवि से कमला देवी से एक लाख रुपये उधार दिलाने के लिए कहा था।
12 अक्टूबर की शाम दोनों ने हरीसेवा धर्मशाला के पीछे चौपाटी पर शराब पी। इसी दौरान कमला देवी के गहने लूटने और उनकी हत्या करने की साजिश रची गई।
रुपये देने से इनकार किया तो बांध दिए हाथ-पैर
योजना के तहत रवि तापड़िया कमला देवी को अपने स्कूटर पर बैठाकर सुभाषनगर स्थित मकान पर ले गया। वहां करीब डेढ़ से दो घंटे तक बातचीत के दौरान आरोपियों ने उनसे रुपये मांगे। कमला देवी के इनकार करने पर रवि और हीरा ने उनके हाथ-पैर साड़ी और चुन्नी से बांध दिए तथा पहने हुए गहने उतार लिए। इसके बाद तकिए से मुंह दबाकर उनकी हत्या कर दी।
शव जलाकर अवशेष नाले में बहाए
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को मकान की छत पर ले जाकर जला दिया और अवशेष नाले में बहा दिए। इसके बाद उसी छत पर दोस्तों के साथ नॉनवेज और शराब की पार्टी की। पुलिस ने मामले में गहने और नकदी बरामद कर ली है। फिलहाल अवशेषों की डीएनए जांच सहित अन्य साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।