उदयपुर में सेटबैक विवाद में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, परिजनों ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप

 | 
Sagarmal Mehta Murder Case in udaipur

 

Udaipur Times, Crime News: उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में सेटबैक छोड़ने के विवाद को लेकर तीन युवकों द्वारा एक बुजुर्ग की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना शहर के ओस्तवाल नगर की है, जहां फाइनेंसर सागरमल मेहता (68) निवासी खेरोदा की मौत हो गई। घटना के बाद एमबी अस्पताल की मोर्चरी के बाहर देर रात तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

मृतक के बेटे राहुल मेहता ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी प्रवीण सिंह आसोलिया, उसके चचेरे भाई अनुराग सहित तीन लोगों ने उनके पिता के साथ बेरहमी से मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद तीनों आरोपी स्वयं प्रतापनगर थाने पहुंचे और उनके खिलाफ रिपोर्ट देने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने के बजाय जाने दिया।

राहुल मेहता के अनुसार उनके मकान के पीछे प्रवीण सिंह आसोलिया अवैध रूप से निर्माण कर रहा है। इस निर्माण पर कोर्ट का स्टे है और उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) ने भी इसे सीज कर रखा है। 

आरोप है कि बुधवार को कोर्ट कमिश्नर मौके पर पहुंचे और मौका पर्चा तैयार किया। कमिश्नर के जाने के बाद आरोपी पक्ष ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके पिता को बुलाकर सिर, गर्दन और छाती पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद सागरमल मेहता बेहोश होकर गिर पड़े। बीच-बचाव करने पहुंचे राहुल मेहता के साथ भी मारपीट की गई, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।

घटना के बाद परिजनों ने प्रतापनगर थाना पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही और मिलीभगत के आरोप लगाए हैं। मामले की जांच अब हिरण मगरी थानाधिकारी रविंद्र सिंह चारण को सौंपी गई है।

परिजनों ने चेतावनी दी है कि आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई होने तक वे शव नहीं लेंगे। गुरुवार सुबह से एमबी अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजन, रिश्तेदार और समाजजन विरोध प्रदर्शन पर डटे रहे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News