जमीन हड़पने के लिए बुजुर्ग का अपहरण, 9 आरोपी गिरफ्तार

बड़गांव थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्विफ्ट और किआ सेल्टोस कार बरामद, जमीन हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश

 | 
arrest

उदयपुर,10 मार्च 2026 - जिले के बड़गांव थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वृद्ध की जमीन हड़पने के लिए किए गए अपहरण के मामले का महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल के निर्देश पर थानाधिकारी किताब चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 8 मार्च 2026 को प्रार्थी बंशीलाल गमेती ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पिता रामा गमेती जब घर के पास स्थित पनघट पर पानी लेने गए थे, तभी एक कार में आए कुछ लोगों ने उन्हें जबरदस्ती उठाकर कार में डाल लिया और अपहरण कर ले गए। आरोपियों का मकसद रामा गमेती की जमीन अपने नाम करवाना था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना तंत्र की मदद से पुलिस ने अपहृत रामा गमेती को दस्तयाब कर लिया और आरोपियों की धरपकड़ शुरू की। पुलिस ने इस मामले में मुकेश गमेती, अशोक बंजारा, दीपचंद्र उर्फ दीपक उर्फ सरपंच, सुरेश गमेती, पुष्कर गमेती, विजय गमेती, प्रकाश गमेती, प्रवीण मेघवाल और दिलीप कुमार गमेती को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार और किआ सेल्टोस कार भी बरामद की है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से एक गिरोह बनाकर भोले-भाले लोगों की जमीन पर नजर रखते थे और आपराधिक षड्यंत्र के तहत रजिस्ट्री के फर्जी कागजात तैयार कर जमीन हड़पने की कोशिश करते थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने रामा गमेती की जमीन को पहले से चिन्हित कर लिया था और रजिस्ट्री के दस्तावेज भी तैयार कर रखे थे। योजना के तहत उन्होंने रामा गमेती की रैकी की और मौका पाकर उनका अपहरण कर लिया। हालांकि पुलिस की तत्परता के कारण आरोपी रामा गमेती को सायफन चौराहा के पास छोड़कर फरार हो गए।

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि यह वारदात किशन मेघवाल और सुरेश मेघवाल के कहने पर की गई थी। पुलिस दोनों आरोपियों सहित इस मामले में शामिल अन्य लोगों और इस्तेमाल किए गए वाहनों की तलाश कर रही है।

#Udaipur #UdaipurNews #UdaipurCrime #RajasthanNews #BadgaonPolice #UdaipurPolice #RajasthanPolice #LandGrabCase #UdaipurBreaking #MewarNews #UdaipurUpdates #CrimeNewsIndia

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News