उदयपुर के कानोड़ में वृद्ध महिला पर चाकू से हमला, लूटपाट
Udaipur Times, Crime News: 4 जुलाई 2026। उदयपुर के कानोड़ थाना क्षेत्र के कुंहारों के मोहल्ले में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। घर में अकेली बैठी 75 वर्षीय घीसी बाई खटीक पर अज्ञात बदमाशों ने पीछे से चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद बदमाश उनके गले से सोने का मादलिया लूटकर फरार हो गए।
महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें घायल अवस्था में स्थानीय सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। हमले में महिला के चेहरे और हाथ पर भी चोटें आई हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
थानाधिकारी हुकमसिंह ने बताया कि घटना शुक्रवार शाम कुंहारों के मोहल्ले में हुई। उस समय 75 वर्षीय घीसी बाई खटीक घर में अकेली थीं। अज्ञात बदमाशों ने पीछे से उन पर हमला कर गले से सोने का मादलिया लूट लिया और फरार हो गए।
थानाधिकारी ने बताया कि घीसी बाई घर में अकेली रहती हैं, जबकि उनके बच्चे बाहर काम करते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
