बुज़ुर्ग महिला की सतर्कता से चोरी की वारदात टली
घर से बाहर निकलकर चोरों का पीछा भी किया
उदयपुर 31 मार्च 2026। शहर के हिरण मगरी थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला की सतर्कता से चोरी की वारदात टल गई। शनिवार देर रात करीब 1:45 बजे पानेरियों की मादड़ी स्थित शिक्षा निकेतन स्कूल वाली गली में महिला को घर के बाहर आहट सुनाई दी। बाहर निकलकर देखने पर एक-दो युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए, जिस पर महिला ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनते ही चोर मौके से भाग निकले।
बुजुर्ग महिला कस्तूरी बाई (62) ने हिम्मत दिखाते हुए घर से बाहर निकलकर चोरों का पीछा भी किया। सुबह परिवार ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो पता चला कि युवक काफी देर से इलाके में घूमकर रेकी कर रहे थे और चोरी की फिराक में थे। फुटेज में चोरों को दूधतलाई नोहरे के पास से भागते हुए देखा गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब महिला के पोते अनिल मेनारिया शिकायत दर्ज कराने हिरण मगरी थाने पहुंचे तो पुलिस ने यह कहकर मामला दर्ज करने से इनकार कर दिया कि कोई चोरी नहीं हुई है। इस रवैये को लेकर परिवार ने नाराजगी जताई है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
परिजनों का कहना है कि शोर मचाते समय महिला की जान को खतरा हो सकता था, लेकिन उन्होंने साहस दिखाया और बड़ी वारदात को टाल दिया। अब परिवार ने मामले में उचित कार्रवाई और शिकायत दर्ज करने की मांग की है।
#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #HiranMagri #CrimeNews #LocalNews #BreakingNews #IndiaNews #SafetyAlert #WomenBravery #CCTVFootage #PoliceNews #UdaipurCity #RajasthanPolice #AlertCitizen
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
