Udaipur Times, Bhilwara News: भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र के आगूंचा गांव में सोमवार सुबह विस्फोटक से भरी पिकअप में जोरदार धमाका हो गया। हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई। धमाका इतना तेज था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसका मलबा दूर-दूर तक बिखर गया। आसपास के मकानों और एक बाड़े को भी नुकसान पहुंचा है।
गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे कस्बे में रहने वाले रामदेव पुत्र हीरालाल खटीक के बाड़े में हुई। वहां विस्फोटक से भरी पिकअप खड़ी थी। अचानक उसमें जोरदार धमाका हो गया। हादसे में पिकअप चालक राम अवतार (35), निवासी बूंदी की मौके पर ही मौत हो गई।
धमाका इतना शक्तिशाली था कि पिकअप का इंजन करीब 10 फीट दूर जाकर गिरा। गाड़ी के टायर, चेचिस और बॉडी के टुकड़े दूर-दूर तक फैल गए। धमाके से बाड़े की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
आसपास के मकानों के दरवाजों और खिड़कियों के कांच टूट गए, जबकि कुछ दीवारों में दरारें आने की जानकारी भी सामने आई है। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। धमाके के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। विस्फोटक पिकअप में कहां से लाया गया था और धमाका किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।