Udaipur Times, Crime News: राजसमंद मे इनकम टैक्स अधिकारी बनकर होटल खरीदने का झांसा देकर 50 हजार रुपए नकद और करीब चार तोला सोने की तीन चेन लेकर फरार हुए आरोपी को राजनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने की चेन, नकदी सहित वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किया है। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 8.50 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार होटल संचालक ने 24 अगस्त को राजनगर थाने में रिपोर्ट दी कि अजित जितेंद्र शाह नाम का व्यक्ति पिछले तीन-चार दिनों से उसके होटल पर आ रहा था। आरोपी ने खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताते हुए होटल खरीदने की इच्छा जताई और होटल को लीज पर लेने की बात कही। 24 अगस्त को आरोपी कार लेकर होटल पहुंचा और बताया कि उसकी पत्नी व भाभी आने वाली हैं। उसी दिन मुहूर्त होने और पत्नी का जन्मदिन होने की बात कहते हुए उसने पत्नी को उपहार देने के लिए सोने की चेन खरीदने की बात कही।
आरोपी ने होटल संचालक से 50 हजार रुपए एडवांस के रूप में ले लिए। इसके बाद करीब चार तोला वजन की तीन सोने की चेन कांकरोली की एक दुकान से मंगवाई गईं। चेन मिलने के बाद आरोपी उन्हें लेकर बाहर निकला और अपनी कार से फरार हो गया। इसके बाद उसने मोबाइल फोन भी बंद कर लिया।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। नाकाबंदी के दौरान तकनीकी सहायता और खेरवाड़ा थाना पुलिस के सहयोग से पुलिस ने करीब चार घंटे में आरोपी अजित शाह को मोथली चौकी क्षेत्र में पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उसे राजनगर थाने लाकर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार तोला सोने की तीन चेन और 50 हजार रुपए नकद बरामद किए। वारदात में इस्तेमाल वाहन भी जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ अन्य थानों में भी मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य मामलों और वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपी: अजित शाह उम्र 47 वर्ष, निवासी ए-103, सकुन, वंदेमातरम क्रॉस रोड, सरखेज गांधी नगर हाईवे, गोता, थाना सोला, अहमदाबाद (गुजरात)।