फतहनगर खाटूश्याम जी मंदिर में चोरी
ग्रामीणों ने जताया रोष
उदयपुर 10 मार्च 2026। ज़िले के फतहनगर थाना क्षेत्र में स्थित खाटूश्यामजी मंदिर में रविवार रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोर मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र से करीब 8 लाख रुपये से अधिक की नकदी लेकर फरार हो गए। यह मंदिर मावली तहसील के लदाना क्षेत्र में स्थित है। मंदिर में लगे CCTV कैमरों में चार संदिग्ध चोर नजर आए हैं।
मंदिर के पुजारी राहुल शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह जब वे मंदिर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला और दानपात्र भी टूटा हुआ था। दानपात्र में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई लाखों रुपये की राशि रखी हुई थी, जिसे चोर अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग मंदिर परिसर में इकट्ठा हो गए।
CCTV फुटेज में तीन चोर मंदिर के अंदर दानपात्र तोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने आराम से दानपात्र तोड़ा और उसमें रखी नकदी को एक कट्टे में भरकर ले गए, जबकि उनका एक साथी बाहर निगरानी करता रहा।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन फतहनगर थाना पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली और कमजोर गश्त के कारण ही चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। साथ ही मंदिर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई और चोरी की गई राशि बरामद नहीं की गई, तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।
#UdaipurNews #RajasthanNews #Fatehnagar #Mavli #KhatuShyamJi #TempleTheft #UdaipurCrime #RajasthanCrime #DonationBoxTheft #LocalNewsUdaipur #UdaipurUpdates #MavliNews #FatehnagarNews
