पिता ने बेटे की हत्या, 12 घंटे में गिरफ्तार
खेरवाड़ा पुलिस ने घरेलू विवाद में बेटे की हत्या के आरोपी पिता को करनाउवा पहाड़ियों से पकड़ा
उदयपुर 27 मई 2026 - खेरवाड़ा थाना पुलिस ने पिता द्वारा पुत्र की हत्या के मामले का महज 12 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को करनाउवा के पहाड़ों से डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने घरेलू विवाद के चलते हत्या करना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को शांतादेवी पत्नी शंकरलाल निवासी खाण्डी ओबरी निचला फला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया कि 25 मई की शाम करीब 7:30 बजे उसका पुत्र राहुल घर आया और घरेलू बात को लेकर गाली-गलौज व झगड़ा करने लगा। इसी दौरान मजदूरी कर घर लौटे पिता शंकरलाल के साथ भी राहुल ने विवाद किया और चाकू लेकर हमला करने दौड़ा।
मां के अनुसार बाप-बेटे के बीच हाथापाई के दौरान शंकरलाल ने राहुल के हाथ से चाकू छीन लिया और उसके गर्दन, पेट व शरीर के अन्य हिस्सों पर वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी पिता शंकरलाल पुत्र देवाजी निवासी खाण्डी ओबरी निचला फला को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।
#Udaipur #UdaipurNews #Rajasthan #Murder#CrimeNews#UdaipurCrime
