सगाई विवाद में जानलेवा हमला: पिता-पुत्र गिरफ्तार
उदयपुर 14 नवंबर 2025 - प्रतापनगर थाना क्षेत्र में सगाई विवाद को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 12 नवंबर को हुई, जब प्रार्थी गजेन्द्र नागदा ने जीबीएच अस्पताल से रिपोर्ट दर्ज करवाई।
रिपोर्ट के अनुसार नरेन्द्र नागदा और नन्दलाल ने गजेन्द्र नागदा के परिवार को बहाने से जोगन्या माता पावर हाउस बुलाया, जहां पहले से कई लोग मौजूद थे।परिवार के पहुंचते ही आरोपियों ने गालियां देनी शुरू कर दीं।
विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपी दुर्गाशंकर नागदा ने गजेन्द्र नागदा के पिता के हाथ पकड़ लिए, जबकि उसके बेटे निखिल नागदा ने चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसी दौरान जय नागदा ने शिकायतकर्ता के भाई को पकड़ा और निखिल ने उस पर भी चाकू से वार किया। विवाद शांत कराने पहुंचे अन्य परिजनों के साथ भी आरोपियों ने लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे घायल हुए।
घटना की गंभीरता देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
एएसपी शहर उमेश ओझा और वृताधिकारी छगन पुरोहित के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और आसूचना आधारित कार्रवाई करते हुए आरोपी दुर्गाशंकर नागदा और निखिल नागदा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश कर पीसी रिमांड पर भेजा गया है।
अन्य वांछित आरोपियों की तलाश और मामले का आगे का अनुसंधान जारी है।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
