चित्तौड़गढ़ में फोटो शूट के दौरान डूबकर मंगेतर की मौत
Udaipur Times, Chittorgarh News: 12 जून 2026। चित्तौड़गढ़ जिले के सुरजना गांव में शादी की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। 24 वर्षीय अर्जुन दमामी, जिसकी हाल ही में सगाई हुई थी और दिसंबर में शादी तय थी, राजसमंद जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल गौरी धाम में डूब गया। बुधवार सुबह SDRF और स्थानीय बचाव दल ने कई घंटों की मशक्कत के बाद उसका शव गहरे कुंड से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार अर्जुन अपने पिता महेंद्र दमामी के साथ मजदूरी कर परिवार का सहारा था। परिवार में माता-पिता और एक छोटी बहन है। 18 मई को उसकी सगाई हुई थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। मंगलवार को अर्जुन अपनी मंगेतर और उसके अंकल के साथ गौरी धाम घूमने गया था। मंदिर परिसर पहुंचने के बाद मंगेतर के अंकल वहीं रुक गए, जबकि अर्जुन और उसकी मंगेतर घूमने और फोटोशूट करने के लिए नीचे की ओर चले गए।
बताया जा रहा है कि फोटोशूट के दौरान अर्जुन पानी के करीब पहुंच गया। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह सीधे गहरे कुंड में जा गिरा। मंगेतर के सामने ही वह कुछ ही सेकंड में पानी में समा गया। युवती ने शोर मचाकर मदद मांगी, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अर्जुन गहरे पानी में डूब चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही देवेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। मंगलवार देर रात तक तलाश जारी रही, लेकिन अंधेरा और पानी की अधिक गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी। बुधवार सुबह उदयपुर से SDRF टीम को बुलाया गया। नागरिक सुरक्षा टीम, पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद अर्जुन का शव गहरे कुंड से बाहर निकाला गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ महीनों बाद शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब शोक का माहौल पसरा हुआ है।
