उदयपुर में बजरी से भरे ट्रेलर के केबिन में लगी आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

 | 
Fire in Trailer

 

Udaipur Times, Accident, Udaipur News: उदयपुर में बुधवार सुबह करीब 11 बजे बजरी से भरे एक ट्रेलर के केबिन में अचानक आग लग गई। आग लगते ही ट्रेलर का केबिन धू-धू कर जलने लगा। ड्राइवर ने समय रहते ट्रेलर से कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना बेकरिया थाना क्षेत्र में मोरस टोल के पास हुई।

जानकारी के अनुसार, ट्रेलर डिसा गांव से बजरी भरकर उदयपुर की ओर जा रहा था। मोरस टोल के पास पहुंचते ही अचानक ट्रेलर के केबिन में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा केबिन आग की चपेट में आ गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बेकरिया थानाधिकारी रामअवतार मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर बुलाया गया।

फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में ट्रेलर का केबिन पूरी तरह जल गया। हालांकि, ड्राइवर के समय रहते बाहर निकल जाने से जनहानि होने से टल गई।

ट्रेलर में आग लगने के कारण गोगुंदा-उदयपुर नेशनल हाईवे-27 पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और आग बुझने के बाद हाईवे पर यातायात को सुचारू कराया।

पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News