गुलाब बाग स्थित पीडब्ल्यूडी ऑफिस के पास में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना

होटल संचालक विवेक सेन के जांघ पर गोली लगी

 | 
crime

उदयपुर 29 नवंबर 2023। शहर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े बीच बाजार में फायरिंग की घटना सामने आई। बाइक सवार बदमाशों ने गुलाब बाग रोड पर होटल संचालक पर फायरिंग कर दी। होटल संचालक विवेक सेन के जांघ पर गोली लगी। जिसके बाद वह जमीन पर गिर गया। फायरिंग के बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश तुरंत फरार हो गए।

इधर, लोगों की मदद से घायल को तुरंत सरकारी एमबी हॉस्पिटल भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज जारी है। वहीं घटना की सूचना मिलने पर डिप्टी क्षिप्रा राजावत और सूरजपोल थानाधिकारी दलप​त सिंह राठौड़ घटना स्थल पहुंचे और मौका मुआयना किया। घटना स्थल पर पुलिस को फायरिंग की हुई गोली का खोल मिला है। इसके अलावा पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों का पता लगाया जा सके।

घटना स्थल पर पुलिस को फायरिंग की हुई गोली का खोल मिला है

घटना दोपहर 3 बजे की है जब होटल संचालक विवेक सेन पिता भरत सेन स्कूटी से होटल जा रहा था। तभी दो बाइक सवार बदमाश आए। पहले तो बदमाश विवेक सेन से किसी बात को लेकर बहस करने लगे। इसके बाद उन्होंने पिस्टल तानते हुए विवेक पर फायरिंग शुरू कर दी।

विवेक तुरंत अपनी जान बचाने के लिए पास ही खड़ी फोर व्हीलर गाडी के पीछे छिप गया। लेकिन तब तक दूसरी गोली विवेक के जांघ पर लग चुकी थी। फायरिंग के बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस स्पष्ट रूप यह नहीं बता पा रही है कि हमलावरों ने फायरिंग क्यों की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News