एयरपोर्ट पर यात्रियों को परेशान करने वाले पांच टैक्सी चालक गिरफ्तार

डबोक थाना पुलिस ने की कार्यवाही 

 | 
Taxi Driver arrested

डबोक थाना पुलिस ने महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर यात्रियों को परेशान करने वाले पांच टैक्सी चालकों को गिरफ्तार कर चार टैक्सी कार जब्त की हैं।एयरपोर्ट पर आने वाले आगंतुकों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार टैक्सी चालकों को पहले भी एयरपोर्ट प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से कई बार समझाइश दी गई थी। प्रीपेड टैक्सी यूनियन, ओला और उबर चालकों के साथ बैठक कर नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद चालक यात्रियों को परेशान करते रहे।

वीवीआईपी और वीआईपी के आगमन पर भी चालक वाहनों को अव्यवस्थित तरीके से खड़ा कर मार्ग में बाधा उत्पन्न करते थे।

जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल और वृताधिकारी वल्लभनगर राजेंद्र जैन के सुपरविजन में थानाधिकारी डबोक हुकमसिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने 8 अगस्त 2025 को कार्रवाई करते हुए फ्लाइट से उतरने वाले यात्रियों को अपनी टैक्सी में बैठाने के लिए दबाव बनाने वाले पांच चालकों को पकड़ा। वाहनों के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहने पर चालक हंगामा करने लगे। पुलिस ने टैक्सी चालकों को थाने लाकर जांच की, जिसमें चार वाहनों के कागजात नहीं मिले।

इन वाहनों को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत जब्त किया गया और चालकों को धारा 126 एवं 170 बीएनएसएस में गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में पंकज निवासी मन्देसर, प्रकाश निवासी कृष्णपुरा, चतर सिंह निवासी मावली, प्रकाश निवासी घणोली और महेन्द्र सिंह निवासी चान्दपोल शामिल हैं। कार्रवाई में थानाधिकारी हुकमसिंह और सहायक उप निरीक्षक मुकेश कुमार की भूमिका रही।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News