सलूंबर में खाद्य सुरक्षा अधिकारी 10000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

 | 
ACB Trap in Salumber

 

Udaipur Times, Crime News: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की उदयपुर इकाई ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी को 10 हजार रुपये नकद रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सलूंबर में खाद्य सुरक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत है।

ACB के अनुसार, परिवादी ने 10 जुलाई 2026 को शिकायत दी थी कि ग्राम डगार स्थित उसकी पुश्तैनी किराना दुकान और गौण कृषि उपज मंडी, सलूंबर स्थित कोका-कोला कोल्ड ड्रिंक एजेंसी पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा निरीक्षण और सैंपल लेने के नाम पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है।

आरोप है कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने जुर्माना लगाने, प्रकरण दर्ज करने और जेल भेजने की धमकी देकर दोनों स्थानों के लिए साल में दो बार 10-10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।

ACB के मुताबिक, 9 जून 2026 को आरोपी अपनी टीम के साथ परिवादी की डगार स्थित किराना दुकान पर पहुंचा था। निरीक्षण के दौरान घी और मिल्कफूड के चार पैकेट सैंपल के तौर पर लिए गए और नोटिस जारी किया गया। इसके बाद आरोपी ने दुकान और एजेंसी को शांतिपूर्वक संचालित करने के लिए नियमित रूप से रिश्वत देने की मांग की।

शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान आरोपी ने अपने सरकारी अनुबंधित वाहन में परिवादी से डगार स्थित दुकान के लिए 10 हजार रुपये रिश्वत राशि प्राप्त कर ली थी। वहीं, सलूंबर मंडी स्थित एजेंसी के लिए 10 हजार रुपये बाद में लेने की बात तय हुई थी।

मांग की पुष्टि के बाद एसीबी के उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनन्त कुमार के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक रामसुमेर मीणा के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई।

टीम ने कार्रवाई करते हुए घनश्याम सिंह सोलंकी को उसके कार्यालय परिसर में परिवादी से 10 हजार रुपये नकद रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

ACB की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के पर्यवेक्षण में आरोपी से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News