ऋषभदेव रिश्वत कांड में 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड
CI हेमंत अहारी सहित SI और दो कांस्टेबल पर कार्रवाई
Udaipur Times News , Police Action, Bribe Case, उदयपुर 24 नवंबर 2026 । ऋषभदेव थाना क्षेत्र में शराब ठेके के सेल्समैन से 2 लाख रुपए रिश्वत मांगने और मारपीट के मामले में एसपी डॉ. अमृता दुहन ने सीआई हेमंत अहारी, एसआई रमेशचंद्र, एएसआई रणजीत हड़ात और कांस्टेबल कैलाश मीणा को सस्पेंड कर दिया है। मामले की जांच ऋषभदेव डीएसपी अर्जुन सिंह को सौंपी गई है।
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने दो युवकों को अवैध शराब तस्करी के आरोप में हिरासत में लेकर थाने में पीटा और मुकदमा नहीं बनाने के बदले 2 लाख रुपए मांगे। बाद में 80 हजार रुपए में सौदा तय हुआ।
जालोर के रानीवाड़ा निवासी देवीसिंह ने 22 नवंबर को एसीबी स्पेशल यूनिट में शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, उनके परिचित आशीष सेन और लोकेश पटेल 21 नवंबर को हर्षावाड़ा स्थित शराब दुकान पर जा रहे थे। इसी दौरान एएसआई रणजीत और कांस्टेबल कैलाश ने दोनों को पकड़कर थाने ले आए। Udaipur News
आरोप है कि कांस्टेबल कैलाश ने मुकदमा नहीं बनाने के बदले 2 लाख रुपए मांगे और दोनों को फोन देकर परिजनों से पैसे मंगवाने को कहा। लोकेश ने अपने जीजा महेंद्र को घटना बताई। जल्द पैसे मंगवाने के लिए सीआई, एएसआई और कांस्टेबल ने दोनों के साथ मारपीट की।
थाने पहुंचे देवीसिंह को पीड़ितों ने आपबीती बताई। एसीबी के निर्देश पर 22 नवंबर की रात देवीसिंह 80 हजार रुपए लेकर थाने पहुंचे, लेकिन कम रकम देखकर पुलिसकर्मी नाराज हो गए।
सत्यापन के दौरान पुलिसकर्मियों ने पीड़ित के पास मौजूद एसीबी का मिनी वॉइस रिकॉर्डर पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद मारपीट कर रिकॉर्डर और मेमोरी कार्ड छिपा दिए गए। एसीबी को इसकी जानकारी मिलने पर टीम थाने पहुंची, लेकिन उससे पहले दोनों एएसआई और कांस्टेबल फरार हो गए थे। शिकायत और घटनाक्रम सामने आने के बाद एसपी ने चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर जांच के आदेश दिए हैं।