ईनामी अपराधी गजेन्द्र चौधरी गिरफ्तार

हार्डकोर अपराधी दिलीप नाथ का सहयोगी है गजेन्द्र चौधरी
 | 
Gajendra chaudhry arrest

उदयपुर 22 अगस्त 2025 । जिला पुलिस ने हार्डकोर अपराधी दिलीप नाथ के सहयोगी व ईनामी अपराधी गजेन्द्र चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल ने बताया कि गजेन्द्र चौधरी पर 2,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसे एक पीड़ित को डरा धमका कर जमीन का एग्रीमेंट कराकर अवैध रूप से 35 लाख 50 हजार रुपये ऐंठने के मामले में गिरफ्तार किया गया है।

इस प्रकरण में इससे पहले दिलीप नाथ के साथी नरेश वैष्णव, नरेश पालीवाल, नारायणदास वैष्णव और लखन खटीक को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि थाना नाई का हिस्ट्रीशीटर दिलीपनाथ और उसके साथियों ने सुनियोजित षड्यंत्र के तहत थाना सुखेर क्षेत्र के पीड़ित को जबरन घर से उठाकर जान से मारने की धमकी दी और उसे तहसील कार्यालय बड़गांव ले जाकर जमीन का एग्रीमेंट कराया। इस दौरान पीड़ित और उसकी बच्ची को मारने की धमकी देकर 35 लाख 50 हजार रुपये वसूले गए। इस संबंध में थाना सुखेर में प्रकरण संख्या 121/25 विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया था।

मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय उदयपुर गोपाल स्वरुप मेवाड़ा के निर्देशन में पुलिस उप अधीक्षक गिर्वा सूर्यवीर सिंह राठौड़ द्वारा की जा रही है। पुलिस टीम को 22 अगस्त 2025 को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर वृताधिकारी गिर्वा की टीम ने गजेन्द्र चौधरी को डिटेन कर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।