अमेरिकियों को सस्ता लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
उदयपुर 22 अगस्त 2025। पुलिस ने अमेरिकी नागरिकों को सस्ती दरों पर लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। हिरणमगरी थाना पुलिस ने अहमदाबाद, गुजरात के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से छह लैपटॉप, दस मोबाइल, पांच हेडफोन और इंटरनेट राउटर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और पुलिस उप अधीक्षक नगर पूर्व छगन पुरोहित के सुपरविजन में थाना प्रभारी भरत योगी के नेतृत्व में गठित टीम ने यह ऑपरेशन किया। पुलिस ने कृष्णागंगन अपार्टमेंट, सेक्टर 3, हिरणमगरी में फर्जी कॉल सेंटर संचालित कर ठगी करने वाले आरोपियों को पकड़ा।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एक विशेष एप्लीकेशन के जरिए अमेरिकी नागरिकों के मोबाइल नंबर हासिल करते थे और फिर उन्हें कॉल कर कम क्रेडिट स्कोर के बावजूद पहचान पत्र के बिना सस्ती दरों पर ऑनलाइन लोन उपलब्ध कराने का झांसा देकर रुपये ऐंठते थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कुलदीप पटेल, आनंद डेगामडिया, अर्चित पांडेय, सुरज सिंह तोमर और आसु राजपूत शामिल हैं। सभी अहमदाबाद, गुजरात के निवासी हैं। इनके खिलाफ प्रकरण संख्या 292/2025 विभिन्न धाराओं एवं आईटी एक्ट के तहत दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।