टैंकर से पेट्रोल चोरी कर मिलावट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
तीन आरोपी डिटेन
उदयपुर, 06 अगस्त 2025 | ज़िले के भीण्डर थाना क्षेत्र में डीएसटी और स्थानीय पुलिस ने मिलकर बड़ी कार्रवाई करते हुए पेट्रोल चोरी और मिलावट के संगठित रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को डिटेन कर टैंकर, पिकअप वाहन तथा बड़ी मात्रा में अवैध ज्वलनशील पदार्थ जब्त किए हैं।
एसपी योगेश गोयल के निर्देशन में, एडिशनल एसपी खेरवाड़ा अंजना सुखवाल और डिप्टी एसपी वल्लभनगर राजेन्द्र जैन के सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी श्याम सिंह रत्नू और थानाधिकारी पूनाराम मय टीम ने यह कार्रवाई की।
5 अगस्त 2025 को स्टेट हाईवे-53 स्थित भैरूनाथ होटल एवं रेस्टोरेंट, सवना पर टीम ने छापा मारा। मौके पर कुछ लोग एक टैंकर से पेट्रोल निकाल कर पिकअप में रखे ड्रमों में भर रहे थे, साथ ही होटल की छत पर रखे ड्रमों से सोल्वेंट निकालकर उसे टैंकर में डाला जा रहा था।
पुलिस ने मौके से टैंकर (RJ12 GA 3895) के चालक राजेन्द्र, खलासी कपिल दोनों निवासी सागवाड़ा, डूंगरपुर और पिकअप (RJ27 GE 2813) के मालिक व होटल संचालक राजेन्द्र सिंह निवासी अखेपुर को डिटेन कर लिया।
इसके साथ ही पुलिस ने टैंकर, पिकअप, अवैध ज्वलनशील पदार्थ और ड्रमों को जब्त कर जिला रसद अधिकारी को मौके पर बुलाया। आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।
गिरोह का तरीका:
आरोपी टैंकर की छत से एल्युमिनियम सीट के रिवेट या बोल्ट हटाकर पाइप और नोजल की मदद से पेट्रोल निकालते थे। फिर उतनी ही मात्रा में टैंकर में सोल्वेंट या केमिकल भर देते ताकि कुल मात्रा में कोई फर्क नजर न आए। टैंकर के जीपीएस को निकालकर सड़क पर खड़ी बाइक में रख दिया जाता, जिससे लोकेशन ट्रैकिंग में गड़बड़ी न हो। निकाला गया पेट्रोल बाजार दर पर बेचा जाता था।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी:
डीएसटी से पुलिस निरीक्षक श्याम सिंह रत्नू भीण्डर थाना से थानाधिकारी पूनाराम पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों और ठिकानों की भी जांच कर रही है।
