मादड़ी इंडस्ट्रियल एरिया में चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा
5 आरोपी गिरफ्तार; वारदात में प्रयुक्त कार जब्त
Udaipur Times News ,उदयपुर 18 नवंबर 2026 । प्रतापनगर थाना पुलिस ने मादड़ी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कंपनी में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त की है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने दो माह पहले इसी क्षेत्र में हुई एक अन्य चोरी की वारदात को भी अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार, सायफन चौराहा निवासी लोकेश तलेसरा, जो ए.आर. इलेक्ट्रो पावर प्राइवेट लिमिटेड, रोड नंबर-2 मादड़ी इंडस्ट्रियल एरिया में मैनेजर हैं, ने 13 नवंबर 2026 को प्रतापनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
उन्होंने बताया कि कंपनी के कार्यालय के मुख्य ताले सुरक्षित थे, लेकिन अज्ञात चोर टिनशेड के रास्ते अंदर घुसे और भारी मात्रा में सामान चोरी कर ले गए। Udaipur News
मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4) और 305(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने आसपास के करीब 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान कर दबिश दी गई और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने करीब दो माह पहले मादड़ी इंडस्ट्रियल एरिया में हुई एक अन्य चोरी की वारदात करना भी स्वीकार किया है। पुलिस अब आरोपियों से चोरी के माल की बरामदगी और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। Crime News
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत कुमार बोदर (22), निवासी महुवाल मगरा, ढीकवास, थाना बावलवाड़ा, उदयपुर, संजय कुमार मीणा (21), निवासी लराठी फला, लक्ष्मीपुरा, थाना खेरवाड़ा, उदयपुर, संजय कुमार मीणा उर्फ कार्तिक (21), निवासी लराठी फला, लक्ष्मीपुरा, थाना खेरवाड़ा, उदयपुर, दिनेश कुमार मीणा (23), निवासी सदकड़ी फला उपला, थाना सेमारी, सलूंबर और गजेन्द्र कुमार सड़ात (21), निवासी खारवास, थाना बावलवाड़ा, उदयपुर।