फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश

सविना थाना पुलिस ने किया पर्दाफाश 

 | 
arrest

उदयपुर 21 अगस्त 2025। दिनांक 13 अगस्त 2025 को प्रार्थीया सुमिता सरोज ने रिपोर्ट दी थी कि उनके पिता एस.पी. सरोज और माता कुसुमलता सरोज की स्वामित्व वाली कृषि भूमि डाकन कोटड़ा में स्थित है। वर्ष 2019 में आरोपी मोहम्मद शाहिद ने फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार करवाई। इस काम के लिए मूल खातेदारों के फर्जी आधार कार्ड बनाकर डमी व्यक्तियों को असली मालिक दिखाया गया। आरोपीगणों ने पंजीयन कार्यालय प्रथम, उदयपुर में पेश कर जमीन का फर्जी मुख्तियारनामा बनवाया और फिर उसी आधार पर जमीन बेचने की साजिश रची।

रिपोर्ट पर थाना सविना में प्रकरण संख्या 327/2025 धारा 406, 420, 467, 468, 471 और 120बी भादस में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और वृताधिकारी नगर पूर्व छगन पुरोहित के सुपरविजन में थानाधिकारी राव अजय सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी और आसूचना सहयोग से टीम ने आरोपी मोहम्मद शाहिद, शब्बीर खान, मोहम्मद एजाज, अनिसा उर्फ नैना और मोहम्मद आफताब शेख को पकड़ लिया।

मामले में आरोपी अनिसा उर्फ नैना को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है जबकि अन्य आरोपी पुलिस अभिरक्षा में हैं। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपीगण लंबे समय से इस तरह के अपराधों में संलिप्त हैं और इनके साथ अन्य सह-अभियुक्त भी शामिल रहे हैं। पुलिस शेष आरोपियों और डमी खातेदारों की तलाश में जुटी हुई है।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News