बांसवाड़ा में ग्लोबल बीएड कॉलेज का रिश्वत कांड: निदेशक, व्याख्याता और अध्यापक गिरफ्तार

 | 
Banswara Global B Ed College Case

 

Udaipur Times, Banswara News:  भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बांसवाड़ा के बड़ोदिया स्थित ग्लोबल बीएड कॉलेज में रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कॉलेज के निदेशक, एक व्याख्याता और एक अध्यापक को गिरफ्तार किया है। एसीबी ने रसायन विज्ञान के अध्यापक भूपेन्द्र जैन को सहपरिवादी से 5,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। वहीं, रिश्वत मांग के सत्यापन में मुख्य भूमिका सामने आने पर कॉलेज निदेशक सिद्धांत जैन और राजनीति विज्ञान की व्याख्याता सुनीता जैन को भी गिरफ्तार किया गया।

हर विद्यार्थी से 20 हजार रुपये मांगने का आरोप

एसीबी के अनुसार, बांसवाड़ा इकाई को शिकायत मिली थी कि कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों की उपस्थिति कम होने के बावजूद पूरे वर्ष सहयोग करने और इंटर्नशिप के रिलीविंग लेटर जारी करने की एवज में रिश्वत मांगी जा रही है।

शिकायत के सत्यापन के दौरान निदेशक सिद्धांत जैन, व्याख्याता सुनीता जैन और अध्यापक भूपेन्द्र जैन द्वारा प्रत्येक विद्यार्थी से 20,000 रुपये रिश्वत मांगने और राशि लेने पर सहमति जताने की बात सामने आई।

5 हजार रुपये लेते अध्यापक गिरफ्तार

एसीबी उदयपुर रेंज के प्रभारी पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के सुपरविजन में तथा बांसवाड़ा एसीबी के पुलिस उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में टीम ने शुक्रवार को ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान अध्यापक भूपेन्द्र जैन को सहपरिवादी से 5,000 रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। रिश्वत मांग के सत्यापन में भूमिका पाए जाने पर निदेशक सिद्धांत जैन और व्याख्याता सुनीता जैन को भी गिरफ्तार किया गया।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे का अनुसंधान किया जाएगा।

भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी

एसीबी ने आमजन से भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है। किसी व्यक्ति के विरुद्ध एसीबी में मामला दर्ज होने पर वह सीधे ब्यूरो से संपर्क कर अपना पक्ष या स्पष्टीकरण प्रस्तुत कर सकता है।

भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत के लिए एसीबी के टोल फ्री नंबर 1064 और व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 94135-02834 पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News