गोगुंदा BCMO की अवैध क्लिनिको पर बड़ी कार्रवाई
उदयपुर 20 नवंबर 2025। ज़िले के गोगुंदा क्षेत्र में अवैध क्लिनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की सख्ती जारी है। गोगुंदा BCMO डॉ. दिनेश मीणा ने बुधवार को भी बड़ी कार्रवाई करते हुए सायरा के पदराडा गांव के मादड़ी छापर स्थित चांदसी क्लीनिक पर अचानक छापा मारा। छापेमारी के दौरान क्लीनिक से भारी मात्रा में अवैध दवाइयाँ बरामद की गईं। कार्रवाई के बाद क्लीनिक संचालक के खिलाफ सायरा थाने में FIR दर्ज करवाकर उसे गिरफ्तार किया गया तथा क्लिनिक को सील कर दिया गया।
कार्रवाई की भनक लगते ही इलाके के बंगाली क्लिनिक संचालकों में हड़कंप मच गया और कई झोलाछाप क्लीनिक संचालक अपने केंद्र बंद कर फरार हो गए। BCMO टीम ने इसके बाद रावछ पहुँचे, जहाँ बंगाली संचालकों के दो अवैध क्लीनिक बंद पाए गए। दोनों क्लीनिकों को सीज कर दिया गया।
वहीं सायरा बस स्टैंड क्षेत्र में संचालित कृष्णा होमियो क्लीनिक सहित तीन अन्य क्लीनिकों को सख्त चेतावनी दी गई कि यदि वे बिना अनुमति इलाज करते पाए गए, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान पदराडा एवं सायरा अस्पताल के चिकित्सक तथा सायरा पुलिस का जाब्ता मौजूद रहा। उल्लेखनीय है कि चांदसी क्लीनिक के संचालक पर पूर्व में भी अवैध रूप से इलाज करने के मामलों में कार्रवाई हो चुकी है, बावजूद इसके वह चोरी-छिपे क्लीनिक चलाता मिला। इस बार BCMO ने सख्त निर्देश दिए हैं कि बिना अनुमति किसी भी तरह की चिकित्सा गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आपको बता दें कि BCMO डॉ. मीणा ने मंगलवार को भी समीजा में अवैध क्लीनिक पर कार्रवाई करते हुए उसे सीज कराया था और ओगणा थाने में मामला दर्ज करवाया था।
