गोवर्धन विलास क्षेत्र में चोरी: 2 गिरफ्तार

गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से चोरी किए गए आभूषण बरामद किए गए हैं 
 | 

उदयपुर, 1 फरवरी। सूने मकान में चोरी करने वाले दो अभियुक्तों को गोवर्धनविलास थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्ज़े से चोरी किए गए आभूषण बरामद किए हैं।

थाना गोवर्धनविलास क्षेत्र के देवाली निवासी दिनेश गमेती ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 जनवरी 2026 को वह रात्रि में जागरण में गया हुआ था। सुबह लौटकर देखा तो अज्ञात चोरों ने उसके मकान के ताले तोड़कर घर में रखी चांदी की नकदी, चांदी की चैन, पांच जोड़ी चांदी की फोलरिया, चांदी के कड़े, एक चांदी का मंगलसूत्र, एक सोने का इलेक्ट्रॉनिक साउंड मशीन तथा 2 लाख 56 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। इस पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

ज़िला पुलिस अधीक्षक उदयपुर, योगेश गोयल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) गोपाल स्वरूप मेवाड़ा एवं वृताधिकारी वृत गिर्वा गोपाल चंदेल के सुपरविजन में थानाधिकारी गोवर्धनविलास अर्जुन लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर जांच करते हुए लोकश गमेती और राजेश गमेती, निवासी देवाली गोवर्धनविलास को संदिग्ध मानते हुए डिटेन कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया।

पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्ज़े से चोरी किए गए आभूषण बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी लोकश गमेती के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के प्रकरण दर्ज हैं। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।