प्रेम संबंध पर कलेक्ट्रेट के बाहर हाई वोल्टेज ड्रामा
उदयपुर 25 फ़रवरी 2026। युवती द्वारा अपने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताने पर कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर मंगलवार देर शाम हंगामा हो गया। युवती को बयान दर्ज कराने के लिए प्रतापनगर थाना पुलिस ADM के सामने पेश करने लाई थी। ADM के समक्ष युवती ने युवक से शादी कर उसके साथ रहने की सहमति जताई।
बयान के बाद युवती के परिजन नाराज हो गए। पुलिस जब युवती को अपनी गाड़ी में बैठाकर कलेक्ट्रेट से रवाना होने लगी तो युवती की मां ने विरोध जताया। वह पुलिस वाहन के आगे सड़क पर लेट गई और बेटी को रोकने की मांग करने लगी। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिसकर्मियों ने समझाइश कर युवती की मां को वहां से हटाया, जिसके बाद वाहन को रवाना किया गया।
थानाधिकारी पूरणसिंह राजपुरोहित ने बताया कि थाने में युवती की गुमशुदगी दर्ज थी। तलाश के दौरान युवती को युवक के साथ दस्तयाब किया गया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध है और वे शादी करना चाहते हैं।
दोनों को ADM के समक्ष पेश किया गया, जहां युवती ने अपनी इच्छा से युवक के साथ रहने का बयान दिया। बाद में परिजनों को समझाइश कर शांत किया गया। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।
#LoveMarriage #Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #FamilyDispute #Collectorate #HighVoltageDrama
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
