हाईवे पर लूट की योजना बना रहे पांच आरोपी गिरफ्तार

सवीना थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तलवार, चाकू, मिर्ची पाउडर और लट्ठ भी बरामद किए  

 | 

उदयपुर 15 अप्रैल 2026। शहर की सवीना थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईवे पर लूट की योजना बना रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तलवार, चाकू, मिर्ची पाउडर और लट्ठ भी बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर आदतन अपराधियों और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और वृताधिकारी नगर पूर्व सूर्यवीर सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी गजवीर सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।

15 अप्रैल 2026 की रात पुलिस को सूचना मिली कि बिलिया क्षेत्र में हाईवे के पास कुछ युवक हथियारों के साथ किसी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर निर्माणाधीन दुकान के पास से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने उदयपुर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई चैन स्नेचिंग की वारदात करना स्वीकार किया है। आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है, जिससे अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार सभी आरोपी आपस में दोस्त हैं और मौज-मस्ती व शराब पार्टी के लिए वारदात को अंजाम देते थे। ये आरोपी अलग-अलग समूह बनाकर अकेली जा रही महिलाओं का पीछा करते और उनके गले से जेवर छीनकर गलियों व कच्चे रास्तों से फरार हो जाते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में नरेन्द्र उर्फ खुबी, मुकेश, आकाश, उमेश उर्फ गुड्डू और मयंक उर्फ गोलू शामिल हैं। इनमें से नरेन्द्र उर्फ खुबी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और मारपीट के दो मामले पहले से दर्ज हैं, जबकि आकाश के खिलाफ भी मारपीट का एक प्रकरण दर्ज है।

फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।

#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #CrimeNews #UdaipurPolice #SavinaPolice #BreakingNews #HighwayRobbery #ChainSnatching #RajasthanPolice #LocalNewsUdaipur #UdaipurCrime #PoliceAction #IndiaNews

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News