सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगने वाला आरोपी गिरफ्तार

9 माह से फरार आरोपी को हिरणमगरी थाना पुलिस ने किया गिरफ्तार 
 | 
hiranmgari police station

उदयपुर 15 दिसंबर 2025। पुलिस थाना हिरणमगरी ने सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये हड़पने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 माह से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है।

थाना हिरणमगरी पुलिस के अनुसार 1 मार्च 2025 को प्रार्थी सुनील कुमार पुत्र सत्यानारायण, निवासी समता नगर सेक्टर-3, हिरणमगरी, उदयपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि गंगापुर, भीलवाड़ा निवासी किरायेदार रूपनारायण उर्फ पप्पू ने कृषि विभाग में कार्यालय सहायक पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर 5 लाख रुपये लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र दिया और बाद में फरार हो गया।

इस मामले में थाना हिरणमगरी पर प्रकरण संख्या 82/2025 धारा 420, 406, 120बी भारतीय दंड संहिता के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई। जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा एवं वृत्ताधिकारी नगर पूर्व सूर्यवीर सिंह राठौड़ के सुपरविजन में थाना हिरणमगरी के थानाधिकारी भरत योगी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने सूचना एवं तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी रूपनारायण उर्फ पप्पू को गंगापुर, जिला भीलवाड़ा से गिरफ्तार किया। आरोपी 9 माह से फरार चल रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी पिता लल्लूराम निवासी झूमपुरा पोस्ट आमली, थाना गंगापुर, जिला भीलवाड़ा का रहने वाला है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने प्रकरण के प्रार्थी के अलावा कई अन्य लोगों से भी सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र देकर लाखों रुपये की ठगी की है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News