राजसमंद में लाठी से पीट पीट कर एक हिस्ट्रीशीटर की हत्या
राजसमंद 23 जनवरी 2026। ज़िले में रेलमगरा थाना क्षेत्र के चौकड़ी गांव में ट्रक से बिजली लाइन का तार टूटने से उपजे विवाद में लाठियों से बेरहम मारपीट के चलते एक हिस्ट्रीशीटर की मौत हो गई, जबकि दूसरा हिस्ट्रीशीटर गंभीर घायल है। एसपी ममता गुप्ता ने घटना स्थल का मुआयना करते हुए हमलावरों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए। देर रात तक कई संदिग्ध गतिविधि के बदमाशों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
अतिरिक्त ज़िला पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक ने बताया कि मदारा निवासी 35 वर्षीय महेंद्र भील पुत्र सोहनलाल भील, पवनसिंह व सुनील रंगास्वामी कार से मदारा से ओड़ा की तरफ जा रहे थे। उसी दौरान चौकड़ी निवासी शंकरसिंह के ट्रक से बिजली का तार टूट गया। इस पर महेंद्र भील ने तार वापस ठीक करने के लिए ट्रक चालक से कहा, जिसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद तीखी तकरार हो गई।
इस पर शंकरसिंह ने उसके भाई संग्रामसिंह व अन्य लोगों को कॉल कर बुला लिया। फिर बीच सड़क में ट्रक को खड़ा कर दिया, जिसमें दोनों तरफ से लाठियों से मारपीट हुई। महेंद्र भील की कार का कांच तोड़ दिया, तो दूसरे पक्ष ने शंकरसिंह के ट्रक के कांच फोड़ डाले। इस तरह दोनों पक्षों के बीच लाठियों से मारपीट तेज हो गई। शंकरसिंह के पक्ष में कई हमलावर आने पर सुनील रंगास्वामी मौके से फरार हो गया, जबकि हिस्ट्रीशीटर महेंद्र भील व चौकड़ी निवासी पवनसिंह से बेरहम मारपीट की। इससे महेंद्र भील की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पवनसिंह को गंभीर हालत में आरके जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
एक हिस्ट्रीशीटर महेंद्र भील की हत्या और दूसरे हिस्ट्रीशीटर पवनसिंह को गंभीर घायल करने की संगीन वारदात के बाद रेलमगरा थाना प्रभारी प्रवीण के बाद नाथद्वारा पुलिस उप अधीक्षक शिप्रा राजावत, राजसमंद एएसपी महेंद्र पारीक, एएसपी रजत विश्नोई व एसपी ममता गुप्ता भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एमओबी की टीम को मौके पर बुला लिया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाए। साथ ही संदिग्ध गतिविधि के बदमाशों से पूछताछ की गई है और कुछ प्रत्यक्षदर्शी को भी थाने पर बुलाकर उनके बयान पंजीबद्ध करने की कार्रवाई देर रात तक चलती रही।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
