उदयपुर में विदेशी सिगरेट की बड़ी खेप जब्त

विश्व तंबाकू नियंत्रण दिवस पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई

 | 
cigarette

उदयपुर 31 मई 2025। विश्व तंबाकू नियंत्रण दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग ने जिले में सघन कार्रवाई करते हुए तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री पर बड़ा शिकंजा कसा। शुक्रवार को शहर की दो प्रमुख दुकानों से 5000 से अधिक विदेशी सिगरेट के पैकेट जब्त किए गए।

कार्रवाई के दौरान कृषि मंडी स्थित दक्ष ट्रेडर्स स्टोर से 2000 विदेशी सिगरेट और कालाजी गोराजी स्थित जी-9 शॉप से 3000 सिगरेट जब्त की गईं। सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि जब्त की गई सिगरेट के पैकेटों पर “धूम्रपान जानलेवा है” जैसी अनिवार्य चेतावनी या चित्र नहीं थे, जो सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) के तहत अनिवार्य है। इस उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित दुकानदारों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।

सीएमएचओ ने जानकारी दी कि विश्व तंबाकू नियंत्रण दिवस से 15 दिवसीय विशेष तंबाकू मुक्त पखवाड़े की शुरुआत की गई है। इस दौरान जिलेभर में जन-जागरूकता और कार्रवाई के माध्यम से तंबाकू के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा।

इस मुहिम के तहत विभाग द्वारा जिलेभर में विशेष निरीक्षण दल गठित किए गए हैं, जो दुकानों पर औचक निरीक्षण करेंगे। तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री और बिना चेतावनी वाले उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ चालान और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के समय डिप्टी सीएमएचओ विक्रम सिंह, कोटपा नोडल अधिकारी प्रणव भावसार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेन्द्र सिंह और ओएसडी कुलदीप सिंह मौके पर मौजूद रहे।