पत्नी की हत्या कर फरार पति 4 महीने बाद पुलिस गिरफ्त में
जंगलों से दबोचा, वारदात के बाद 9 बच्चों को छोड़कर फरार था
उदयपुर 6 मई 2026 - गोगुन्दा थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में चार माह से फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहा था। जानकारी के अनुसार महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज द्वारा चलाए जा रहे अभियान “सुदर्शन चक्र-2” के तहत जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल स्वरूप मेवाड़ा एवं वृताधिकारी गोपाल चन्देल के सुपरविजन में थानाधिकारी श्याम सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।
टीम ने आसूचना और तकनीकी सहयोग के आधार पर लगातार तलाश जारी रखी। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में झाड़ोल, फलासिया, उदयपुर, थूर की पाल, सविना, लोसिंग, नाथद्वारा, जयसमंद, सलुम्बर, जालौर, भीनमाल, सादड़ी, पाली और जोधपुर सहित कई स्थानों पर कालबेलिया समाज के 100 से अधिक डेरे चेक किए। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा और विभिन्न जिलों में मजदूरी कर पुलिस से बचता रहा। अंततः 5 मई 2026 को पुलिस ने आरोपी शैतान कालबेलिया पिता रामा निवासी चांगला, थाना झाड़ोल को झाड़ोल के जंगलों से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बाद में न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
मामले के अनुसार 31 दिसंबर 2025 की रात पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसमें आरोपी ने अपनी पत्नी सीता के सिर पर लाठी से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी अपने नौ छोटे बच्चों को छोड़कर फरार हो गया था।
