झाड़ोल में पत्नी की हत्या का खुलासा, आरोपी पति गिरफ्तार

मकर संक्रांति पर बच्चों से मिलने आई महिला की रास्ते में हत्या, उदयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 | 
Jhadol Police arrest accused husband in wife murder case in Udaipur district

उदयपुर 20 जनवरी 2026 - पुलिस थाना झाड़ोल ने पत्नी की हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।

पुलिस के अनुसार, 18 जनवरी 2026 को प्रार्थी हाजी पिता बदा, निवासी बुड़ा, पुलिस थाना बावड़ा, जिला उदयपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसकी पुत्री प्यारी का विवाह करीब 15 वर्ष पूर्व पपुड़ा पिता कालू, निवासी गोतावाड़ा, ग्राम पंचायत दमाणा, तहसील झाड़ोल के साथ हुआ था। दंपती के चार संतानें हैं। बताया गया कि आरोपी पति द्वारा किसी अन्य महिला को पत्नी बनाकर रखने के कारण मृतका नाराज होकर अपने पीहर गांव बुड़ा आ गई थी।

मकर संक्रांति के त्योहार के कारण 13 जनवरी 2026 को मृतका अपने बच्चों से मिलने गांव गोतावाड़ा गई थी। 17 जनवरी 2026 को परिजनों को सूचना मिली कि प्यारी की हत्या कर दी गई है और उसका शव झाड़ोल पुलिस थाने लाया गया है। जांच में सामने आया कि 16 जनवरी 2026 को प्यारी और उसका पति पपुड़ा दोनों गांव कंथारिया गए थे, जहां से लौटते समय रास्ते में आरोपी ने मारपीट कर पत्नी की हत्या कर दी।

इस संबंध में पुलिस थाना झाड़ोल में प्रकरण संख्या 16/2026 धारा 103(1) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर श्री योगेश गोयल के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल एवं वृत्ताधिकारी झाड़ोल श्री विवेक सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी झाड़ोल श्री फेलीराम मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी पपुड़ा उर्फ पपुलाल को डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया।

फिलहाल मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News