गवाही नहीं बदली तो मारपीट का आरोप! घर छोड़कर तंबू में रहने को मजबूर उदयपुर का परिवार
Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर जिले के फतेहनगर थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जो कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के दावों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। एक परिवार आज अपने ही घर से दूर तंबू में जीवनयापन करने को मजबूर है। परिवार का आरोप है कि आपसी रंजिश और पॉक्सो के गंभीर मामले में गवाही नहीं बदलने के चलते उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। और गवाही में बयां नहीं दिए तो उसके परिवार के भाई और पिता के साथ मारपीट की गई। परिवार के करीब 10 से 15 सदस्य डर के साये में जिंदगी गुजार रहे हैं।
परिवार की स्थिति बेहद चिंताजनक बताई जा रही है। घर में तीन बेटियां हैं, जो अपनी पढ़ाई कर रही हैं। जिन बेटियों के हाथों में किताबें और आंखों में बेहतर भविष्य के सपने होने चाहिए, वे आज भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं। परिवार का आरोप है कि उनकी एक बेटी ने अपने ही रिश्तेदारों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत गंभीर मामला दर्ज करवाया है। इस मामले में गवाही और बयान नहीं बदलने के कारण परिवार को लगातार मारपीट और धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।
परिवार की शिकायत के अनुसार, पहले पिता के साथ मारपीट की गई, फिर बहन के साथ मारपीट की गई और अब पॉक्सो मामले में गवाही नहीं बदलने का दबाव बनाते हुए परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है। परिवार का आरोप है कि जब भी वे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते हैं, उन्हें डराया-धमकाया जाता है और मारपीट की जाती है।
हालात ऐसे बन गए हैं कि अपना घर और मकान होने के बावजूद परिवार को वहां रहना सुरक्षित नहीं लग रहा। मजबूरी में परिवार को अपना घर-बार छोड़कर तंबू में जीवन गुजारना पड़ रहा है। करीब 10 से 15 सदस्यों का परिवार हर दिन इस चिंता में रहता है कि आखिर उन्हें कब सुरक्षा और न्याय मिलेगा।
पुलिस और प्रशासन से न्याय की गुहार, फिर भी राहत का इंतजार
परिवार का कहना है कि वे पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों के समक्ष कई बार अपनी पीड़ा रख चुके हैं। बार-बार शिकायतें और न्याय की गुहार लगाने के बावजूद उन्हें अब तक ऐसी राहत नहीं मिली है, जिससे वे सुरक्षित होकर अपने घर लौट सकें।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पॉक्सो जैसे गंभीर मामले में पीड़ित पक्ष की गवाही प्रभावित करने और परिवार को डराने-धमकाने के आरोप सामने आ रहे हैं, तो आखिर परिवार की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?
तीन बेटियों की पढ़ाई और भविष्य भी इस पूरे घटनाक्रम से प्रभावित हो रहा है। आखिर कब तक एक परिवार डर के साये में रहेगा? कब प्रशासन इस परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिलाएगा? और कब ये बेटियां बिना किसी डर के अपनी पढ़ाई और जिंदगी आगे बढ़ा सकेंगी?
अब परिवार की मांग है कि जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मामले में निष्पक्ष जांच करवाएं, परिवार को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध करवाएं और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करें, ताकि परिवार सम्मान और सुरक्षा के साथ अपने घर में दोबारा रह सके।
वहीं इसी मामले में फतहनगर पुलिस से बात करने पर उन्होंने कहा कि दोनों का संपत्ति विवाद है और दोनों पक्ष ने एक दूसरे के ऊपर मुकदमा कर रखा है।