कैफे की आड़ में संचालित दो अवैध हुक्का बार पर कार्रवाई

पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया

 | 

उदयपुर 27 अप्रैल 2026। शहर के सुखेर थाना पुलिस ने कैफे की आड़ में संचालित दो अवैध हुक्का बार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार हुक्के, विभिन्न तंबाकू फ्लेवर और अन्य हुक्का सामग्री जब्त की है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

ज़िला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा तथा नगर पश्चिम वृत्ताधिकारी राजेश यादव के सुपरविजन में सुखेर थानाधिकारी भरत योगी के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस ने 25 अप्रैल 2026 को गश्त के दौरान मुखबिर सूचना पर 100 फीट रोड क्षेत्र में दो अलग-अलग कैफे पर दबिश दी।

पहली कार्रवाई फ्रेंडजोन कैफे, खारा कुआं, 100 फीट रोड पर की गई। यहां आरोपी विवेक ठाकुर द्वारा अवैध रूप से ग्राहकों को हुक्का पिलाया जा रहा था। पुलिस ने कैफे से दो हुक्के, हुक्का सामग्री और पांच डिब्बों में अलग-अलग तंबाकू फ्लेवर जब्त किए। आरोपी के खिलाफ थाना सुखेर में प्रकरण संख्या 194/2026 दर्ज किया गया है।

दूसरी कार्रवाई राग कैफे, सिटी लाइट होटल के ऊपर, 100 फीट रोड पर की गई। यहां आरोपी सुनिल भगोरा द्वारा ग्राहकों को अवैध रूप से हुक्का पिलाया जा रहा था। पुलिस ने कैफे से दो हुक्के, हुक्का सामग्री और चार डिब्बों में अलग-अलग तंबाकू फ्लेवर जब्त किए। आरोपी के खिलाफ प्रकरण संख्या 195/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक ठाकुर, उम्र 20 वर्ष, हाल निवासी फ्रेंडजोन कैफे खारा कुआं तथा सुनिल भगोरा, उम्र 21 वर्ष, हाल निवासी राग कैफे सिटी लाइट होटल के ऊपर, उदयपुर के रूप में हुई है।

#UdaipurNews #RajasthanNews #SukherPolice #HookahBarRaid #IllegalHookah #UdaipurPolice #CrimeNewsIndia #RajasthanPolice #LocalNewsUdaipur #100FeetRoad #UdaipurUpdates #BreakingNewsUdaipur #TobaccoControl #CafeRaid #IndiaNews

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News