गुजरात ले जाई जा रही अवैध शराब से भरी दो कार ज़ब्त, 2 गिरफ्तार
डीएसटी और थाना सुखेर की संयुक्त टीम की छापेमारी
उदयपुर 19 अगस्त 2025। ज़िले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। डीएसटी और थाना सुखेर की संयुक्त टीम ने छापेमारी करते हुए चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब से भरी दो क्रेटा कार और दो स्विफ्ट कार जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान 40 कार्टून अवैध शराब बरामद की गई है, साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा तथा वृताधिकारी नगर पश्चिम कैलाशचंद्र खटीक के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि सियालपुरा स्थित होटल नयन के पीछे खड़ी कारों में अवैध शराब भरकर गुजरात ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर दबिश दी गई, जहां से शराब से भरी दोनों क्रेटा कारें और एस्कॉर्ट के लिए प्रयुक्त दो स्विफ्ट कार बरामद की गईं।
पुलिस ने मौके से कैलाश और चैनाराम नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जब्त की गई गाड़ियों में अलग-अलग नंबर प्लेटें भी लगी हुई थीं। मामले में थाना सुखेर पर प्रकरण संख्या 439/25 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मुकदमा कायम कर आगे की जांच जारी है।
