geetanjali-udaipurtimes

अवैध देह व्यापार का भंडाफोड़, 7 युवक और 5 युवतियां गिरफ्तार

होटल ऑक्सो इन में चल रहा था अवैध देह व्यापार

 | 

उदयपुर 17 अप्रैल 2025। शहर के सविना थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर 13 में पुलिस ने होटल ऑक्सो इन में चल रहे अवैध देह व्यापार के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। सविना पुलिस ने डिकॉय ऑपरेशन चलाते हुए 7 युवकों और दिल्ली, छत्तीसगढ़, झारखंड व नेपाल से आई 5 युवतियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धाराओं 3, 4, 5, 6 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।  

यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा, वृताधिकारी महिपाल सिंह के सुपरविजन में हुआ। कार्रवाई में अशोक आंजना (पुलिस उप अधीक्षक यातायात शाखा) और थानाधिकारी अजय सिंह राव की टीम शामिल रही।  

पुलिस के अनुसार, होटल में देह व्यापार का संगठित गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और आरोपी होटल की आड़ में इस गोरखधंधे को चला रहे थे। पकड़े गए युवकों में उदयपुर, डूंगरपुर और आसपास के जिलों के निवासी शामिल हैं। वहीं युवतियां दिल्ली, छत्तीसगढ़, झारखंड और नेपाल से लाई गई थीं।  

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह गिरोह कितने समय से सक्रिय है और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल सभी आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस नेटवर्क के बाकी सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने होटल संचालक की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है।