उदयपुर में अवैध डीजल भंडारण, आरोपी गिरफ्तार

880 लीटर डीजल जब्त, बिना लाइसेंस बेचते थे आरोपी

 | 

उदयपुर 9 फरवरी 2026 - ज़िले  केगोवर्धनविलास थाना क्षेत्र में अवैध रूप से डीजल का भंडारण कर बिक्री करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से 880 लीटर डीजल जब्त किया है। जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल के निर्देश पर अवैध डीजल भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय गोपाल स्वरूप मेवाड़ा के सुपरविजन में तथा पुलिस उप अधीक्षक गिर्वा गोपाल चन्देल के निर्देशन में 8 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि गोवर्धन थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर उदयपुर से पिण्डवाड़ा जाने वाले मार्ग पर स्थित श्रीराम होटल झाड़ोली की आड़ में हाईवे पर चलने वाले डीजल टैंकरों से सस्ते दामों पर डीजल खरीदकर उसका अवैध भंडारण किया जा रहा है और अधिक दामों पर बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जिला रसद विभाग के निरीक्षक को बुलाया। अवैध डीजल बिक्री की पुष्टि के लिए एक पुलिसकर्मी को ग्राहक बनाकर होटल पर भेजा गया, जिसने 500 रुपये देकर डीजल खरीदा। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए होटल परिसर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान होटल के पीछे चार ड्रम मिले, जिनमें प्रत्येक ड्रम में 220 लीटर डीजल भरा हुआ था।

इस प्रकार कुल 880 लीटर डीजल बरामद किया गया। डीजल भरने वाले व्यक्ति ने अपना नाम लाडूराम पिता हरचन्दराम विश्नोई, उम्र 50 वर्ष, निवासी तेजराल, थाना चितलवाना, सांचौर, होना बताया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हाईवे पर चलने वाले टैंकर चालकों से 50 रुपये प्रति लीटर की दर से डीजल खरीदकर 80 रुपये प्रति लीटर की दर से ग्राहकों को बेचता था। आरोपी से डीजल बिक्री से संबंधित लाइसेंस और दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी लाडूराम को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।

#UdaipurPolice #IllegalDiesel #DieselSeizure #GovardhanPolice #UdaipurNews #RajasthanPolice #NH27 #DieselSmuggling #RajasthanNews #UdaipurUpdate #CrimeNews

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal