Udaipur Times, Crime News: उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में चोरी की एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है, जहां अपनी ड्यूटी में मुस्तैद एक सफाई कर्मचारी की बाइक शातिर चोरों ने पार कर दी।
गुलाब बाग से खांजीपीर के बीच रोड पर सफाई कर्मचारी खाजू अनार अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर पास ही में झाड़ू लगा रहे थे। चोरों ने इतनी सफाई और चालाकी से काम को अंजाम दिया कि कुछ ही दूरी पर काम कर रहे कर्मचारी को भनक तक नहीं लगी और बाइक गायब हो गई।
काम से फ्री होने के बाद जब खाजू अनार गाड़ी के पास पहुंचे तो वहां अपनी बाइक न पाकर हैरान रह गए। घबराए कर्मचारी ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पास में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।
सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आया कि दो अज्ञात युवक पीड़ित के बिल्कुल पास खड़ी बाइक को चुराकर आसानी से ले जा रहे हैं। फिलहाल पीड़ित सफाई कर्मचारी की रिपोर्ट के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।