उदयपुर में नकली बाबा बनकर आए बदमाशों ने बुजुर्ग महिला से सोने की चेन और अंगूठियां ठगीं

 | 
savina Police station

 

Udaipur Times, Crime News: उदयपुर शहर के सवीना में मॉर्निंग वॉक पर निकली 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बाबा के भेष में आए बदमाशों ने अपनी बातों में उलझाकर सोने की चेन और दो अंगूठियां ठग लीं। घटना मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे आलोक स्कूल के बाहर की बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी कार में बैठकर फरार हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।

पीड़िता सुशीला ओझा के बेटे जयंत ओझा ने बताया कि उनकी मां रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। इसी दौरान कार में आए बदमाशों ने उन्हें रोककर अपने पास बुलाया। कार की ड्राइवर के पास वाली सीट पर बैठा व्यक्ति बाबा के भेष में था और उसके हाथ में रुद्राक्ष की माला थी।

आरोपी ने महिला से गौशाला के बारे में पूछा और खुद को हरिद्वार से आया बताते हुए कहा कि वह सभी को बेटी बनाता है और महिला को अपनी बहन बताया। उसने महिला से कहा कि उसे हरिद्वार राखी भेजना। इसके बाद आरोपी ने महिला को 500 रुपए दिए और सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद देने लगा।

बातों में उलझाकर आरोपी ने पहले महिला के गले से सोने की चेन उतरवा ली। इसके बाद हाथों से दोनों अंगूठियां भी उतरवा लीं। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने संदिग्ध गतिविधि देखकर पूछताछ करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तुरंत कार लेकर फरार हो गए।

कुछ देर बाद महिला को पता चला कि उनकी सोने की चेन और दोनों अंगूठियां गायब हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।  

 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News