उदयपुर मे लग्जरी गाड़ियों में रील बनाने और शौक पूरे करने के लिए 100 से अधिक ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी
Udaipur Times, Crime News: उदयपुर के भीण्डर पुलिस ने सरकारी बिजली ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी क्षेत्र के 100 से अधिक ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी कर चुके हैं। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर 300 लीटर चोरी का ट्रांसफार्मर तेल बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, अजमेर विद्युत वितरण निगम के कनिष्ठ अभियंता उत्सव कुमार ने 14 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि दवेला तालाब, हिंता और बांडा मगरा गांवों के कृषि क्षेत्रों में लगे सिंगल और थ्री-फेज ट्रांसफार्मरों से रात के समय तेल चोरी किया गया। इस पर भीण्डर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने मुखबिर तंत्र, तकनीकी सहायता और पूर्व में चालानशुदा अपराधियों की निगरानी के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी के तेल को बेचकर मिलने वाले पैसों से महंगे शौक, खाने-पीने और लग्जरी गाड़ियों में घूमने का खर्च पूरा करते थे। बड़ी गाड़ियां किराए पर लेकर सोशल मीडिया पर रील बनाकर रौब दिखाते थे।
आरोपी दो अलग-अलग टीमों में काम करते थे। पहली टीम किराए की कार से मौके पर पहुंचकर ड्रिल मशीन से ट्रांसफार्मर में छेद कर तेल निकालती थी, जबकि दूसरी टीम पिकअप लेकर पहुंचती और चोरी का तेल एकत्र कर ले जाती थी। इस दौरान पहली टीम दूसरे ट्रांसफार्मर को निशाना बनाती थी। इस तरीके से एक ही रात में कई ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी किया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोकेश (25) निवासी सुरपुर, कपासन, कानसिंह (21) निवासी नील का खेड़ा, भदेसर, भावेश उर्फ गोटा (20) निवासी बड़गांव, भीण्डर, विनोद (19) निवासी गाडरियावास हिंता, भीण्डर और कमलेश कुमार (18 वर्ष 11 माह) निवासी वाना, खेरादा के रूप में हुई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।